Chanamurraa

पटवारी हड़ताल पर सरकार की सख्ती, एक दिन में 34 और सस्पेंड; अब तक 141 पर कार्रवाई

  • November 14, 2026
  • 3 Views
Spread the love

3,912 पटवारियों को नोटिस, 336 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस; 8 जिलों में हुई ताजा कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल को लेकर सरकार और प्रशासन का सख्त रुख जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के 8 जिलों में 34 और हड़ताली पटवारियों को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही अब तक निलंबित पटवारियों की संख्या बढ़कर 141 हो गई है। हड़ताल जारी रहने के बीच प्रशासन ने नोटिस, निलंबन और ब्रेक इन सर्विस जैसी कार्रवाई भी तेज कर दी है।

इन जिलों में हुई कार्रवाई

ताजा कार्रवाई में जशपुर जिले में सबसे ज्यादा 9 पटवारी निलंबित किए गए हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 8, मुंगेली और जांजगीर-चांपा में 4-4 पटवारियों पर कार्रवाई हुई है। वहीं कोरबा और सक्ती में 2-2 तथा सुकमा में 1 पटवारी को निलंबित किया गया है। बीजापुर जिले में भी 4 पटवारियों पर गाज गिरी है।

3,912 को नोटिस, 95 का तबादला

हड़ताल के दौरान प्रशासन की अब तक की कार्रवाई के आंकड़े भी सामने आए हैं। प्रदेशभर में 3,912 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं 336 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 95 पटवारियों का तबादला किया गया है, जबकि 186 को अंतिम चेतावनी दी गई है।

सरकार और पटवारियों में टकराव

पटवारियों की हड़ताल और प्रशासन की लगातार कार्रवाई से दोनों पक्षों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। फिलहाल हड़ताल खत्म होने या बातचीत के जरिए गतिरोध दूर होने के संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।


Spread the love