न्यूयॉर्क।अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी लगातार तीसरे वर्ष मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) के प्रतिष्ठित लैंडन डोनोवन मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) पुरस्कार के फाइनलिस्ट बने हैं।
गुरुवार को लीग ने सत्र के समापन पर दिए जाने वाले आठ व्यक्तिगत पुरस्कारों के लिए फाइनलिस्ट की घोषणा की। एमवीपी पुरस्कार की दौड़ में मेसी के साथ 17 वर्षीय उभरते खिलाड़ी कैवन सुलिवन भी शामिल हैं।
इंटर मियामी के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले मेसी ने पिछले लगातार दो सत्रों में यह पुरस्कार जीता था। इस बार भी वह इसके प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
उन्होंने नियमित सत्र में लीग के सर्वाधिक 26 गोल किए, जबकि उनके नाम 17 असिस्ट भी रहे, जो लीग में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
एमवीपी पुरस्कार के लिए मेसी और सुलिवन के अलावा एफसी सिनसिनाटी के इवांडर, ह्यूस्टन डायनमो के गिलहर्मे और नैशविले एससी के हानी मुख्तार फाइनलिस्ट हैं।
सिगी श्मिड कोच ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए नैशविले के बीजे कैलाघन, सेंट लुइस सिटी के योआन डामे और वैंकूवर व्हाइटकैप्स के जेस्पर सोरेनसन दावेदार हैं।
कैलाघन के मार्गदर्शन में नैशविले ने 23 जीत, तीन हार और आठ ड्रॉ के साथ 77 अंक हासिल कर सपोर्टर्स शील्ड अपने नाम की।
डिफेंडर ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए नैशविले के तीन खिलाड़ी एंडी नाजार, जेइसन पलासियोस और मैक्सवेल वोल्डेजी फाइनलिस्ट हैं।
वहीं, गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार की दौड़ में नैशविले के ब्रायन श्वाके, सेंट लुइस सिटी के रोमन बुर्की और न्यू इंग्लैंड रिवोल्यूशन के मैट टर्नर शामिल हैं।
कमबैक प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए वैंकूवर व्हाइटकैप्स के रयान गॉल्ड, सिनसिनाटी के निक हैगलंड और सैन जोस अर्थक्वेक्स के एडुआर्ड लोवेन फाइनलिस्ट हैं।
न्यूकमर ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए गिलहर्मे, ऑरलैंडो सिटी के एंटोनी ग्रीजमैन और स्पोर्टिंग कैनसस सिटी के आंद्रे लुइज के बीच मुकाबला होगा।
यंग प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए भी कैवन सुलिवन फाइनलिस्ट हैं। फिलाडेल्फिया यूनियन की ओर से खेलते हुए उन्होंने 29 मैचों में नौ गोल और 14 असिस्ट किए।
इनमें से 21 मैचों में वह शुरुआती एकादश का हिस्सा रहे। न्यूयॉर्क रेड बुल्स के जूलियन हॉल और एद्री मेहेमती भी इस पुरस्कार के दावेदार हैं।
ह्यूमैनिटेरियन ऑफ द ईयर पुरस्कार के लिए सिएटल साउंडर्स के पॉल अरियोला, न्यू इंग्लैंड रिवोल्यूशन के एंड्रयू फैरेल, इंटर मियामी के तेलास्को सेगोविया, रियल सॉल्ट लेक के मेसन स्टजडुहार और ऑस्टिन एफसी के ब्रैड स्टुवर को फाइनलिस्ट बनाया गया है।
आठों श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा आगामी प्लेऑफ मुकाबलों के दौरान की जाएगी। एमएलएस बेस्ट इलेवन का ऐलान भी बाद में होगा।
गोल ऑफ द ईयर और सेव ऑफ द ईयर पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन मतदान सोमवार तक एमएलएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी रहेगा।




