असम की राजधानी गुवाहाटी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रंका को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद बवाल खड़ा हो गया है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने चेतावनी दी है कि अगर असम पुलिस ने रंका को रिहा नहीं किया, तो वे अन्य सदस्यों के साथ खुद असम आएंगे। रंका को रविवार को गुवाहाटी में सचिवालय के पास होने वाली पार्टी की पहली क्षेत्रीय स्वयंसेवक बैठक से ठीक पहले एक निजी घर से उठाया गया था। दीपके का आरोप है कि पुलिस ने हिरासत का आधार या आरोप अब तक स्पष्ट नहीं किए हैं।
निजी घर से उठाए गए आशुतोष, दीपके बोले- हिमंत सबको गिरफ्तार कर लें
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर कर असम पुलिस और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि आशुतोष रंका को बिना कोई कानूनी कारण बताए हिरासत में लिया गया है। दीपके ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि अगर आशु को तुरंत रिहा नहीं किया गया, तो वे CJP के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ असम का रुख करेंगे। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को चुनौती देते हुए कहा, “हिमंता हम सबको गिरफ्तार कर सकते हैं।”
सचिवालय के पास बैठक से पहले कई नेता हिरासत में, रास्ता बंद
रविवार को गुवाहाटी स्थित असम सचिवालय के पास CJP की पहली क्षेत्रीय स्वयंसेवक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में पूरे क्षेत्र से करीब 200 से 300 स्वयंसेवकों को जुटाने की योजना थी। हालांकि, कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पुलिस ने सुबह से प्रस्तावित स्थल की ओर जाने वाले रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आशुतोष रंका, अंकित भारद्वाज और प्रेम आकाश समेत वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें गुवाहाटी के पुलिस केंद्र ले जाया गया।
रायजोर दल से मुलाकात के बाद बढ़ा तनाव, सरमा सरकार पर उठे सवाल
यह पूरी कार्रवाई उस समय हुई जब अखिल गोगोई के नेतृत्व वाले ‘रायजोर दल’ के नेताओं ने गुवाहाटी में आशुतोष रंका और CJP नेताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान राज्य में आई हालिया बाढ़ और असम में CJP के संगठन विस्तार की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई थी। हिरासत में लिए जाने से पहले रंका ने बड़ा आरोप लगाया था कि राज्य में स्कूलों की स्थिति पर चल रहे CJP के अभियान से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा चिंतित हैं और इसी वजह से उनकी गतिविधियों को रोकने की कोशिश की जा रही है।




