Chanamurraa

10 अगस्त को सरगुजा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान, 3.48 लाख बच्चों को मिलेगी निःशुल्क एल्बेंडाजोल दवा

  • August 7, 2026
  • 1 Views
Spread the love

अम्बिकापुर | राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से 10 अगस्त 2026 को सरगुजा जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा निःशुल्क खिलाई जाएगी।

अभियान का उद्देश्य बच्चों को आंतों के कृमि संक्रमण से बचाकर उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर, शारीरिक एवं मानसिक विकास में सुधार लाना तथा विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

3.48 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य

इस वर्ष सरगुजा जिले में 3,48,422 बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के सभी विकासखंडों में दवा उपलब्ध करा दी गई है और शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया है।

आयु के अनुसार दी जाएगी दवा

अभियान के तहत 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली (200 मिलीग्राम) दी जाएगी, जबकि 2 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों और किशोर-किशोरियों को एक पूरी गोली (400 मिलीग्राम) प्रशिक्षित कर्मियों की निगरानी में खिलाई जाएगी।

17 अगस्त को होगा मॉप-अप दिवस

जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की दवा दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस स्वास्थ्य अभियान से वंचित न रहे।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सरगुजा ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य दिलवाएं। उन्होंने बताया कि यह दवा पूरी तरह निःशुल्क है और बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ उनके समुचित शारीरिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

जिला नोडल अधिकारी ने बताया कि अभियान की जिला एवं विकासखंड स्तर पर लगातार निगरानी की जाएगी। सभी संबंधित विभागों के सहयोग से निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वास्थ्य कर्मियों और अभिभावकों से इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है।


Spread the love