Chanamurraa

आम आदमी पार्टी ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए पहली सूची जारी की

  • January 24, 2025
  • 11 Views
Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने जा रहे नगरीय निकाय चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। राजधानी रायपुर के पंचशील नगर स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश महासचिव वदूद आलम के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में यह घोषणा की गई। इस सूची में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, और जांजगीर-चांपा नगर निगमों के साथ-साथ नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

प्रदेश महासचिव वदूद आलम ने बताया कि रायपुर के 70 वार्डों में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है और अगले 1-2 दिनों में दूसरी सूची जारी कर दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। आलम ने कहा, “एक मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भी लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। आजादी के 75 साल बाद भी लोग स्वच्छ पानी के लिए तरस रहे हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ में भी गुड गवर्नेंस लेकर आएगी।”

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई पर जोर
रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान ने कहा कि दिल्ली में पार्टी ने डोर स्टेप डिलीवरी जैसी सुविधाएं शुरू की हैं, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते। उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव में सड़क, नाली, बिजली, पानी, सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देगी।

जनता की मांग पर चुने गए प्रत्याशी
पार्टी ने दावा किया है कि सभी प्रत्याशी जनता की मांग और सुझाव के आधार पर चुने गए हैं। आम आदमी पार्टी ने स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल व्यवस्था को प्राथमिकता के मुद्दे के रूप में पेश किया है।

प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा, रायपुर लोकसभा महासचिव प्रद्युम्न शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी, और युवा विंग के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सेन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। पार्टी ने भरोसा जताया कि जनता का सहयोग और समर्थन उन्हें मिलेगा।


Spread the love