Chanamurraa

कोलकाता कांड के विरोध में डॉक्टरों का गुस्सा उफान पर, देशभर में हड़ताल

  • August 17, 2024
  • 108 Views
Spread the love

नई दिल्ली,17 अगस्त । पश्चिम बंगाल में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में देशभर के डॉक्टरों का गुस्सा उफान पर है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान आपात सेवाएं जारी हैं, हालांकि ओपीडी बंद रहेंगी और वैकल्पिक सर्जरी को भी टाल दिया जाएगा। आईएमए के इस हड़ताल का असर कई राज्यों में दिखने लगा है। केरल, झारखंड, नगालैंड में डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की खबरें आईं हैं।

गुजरात में रेजिडेंट डॉक्टर्स का आईएमए में प्रदर्शन जारी

आईएमए ने कहा है कि कोलकाता के मेडिकल कॉलेज में हुए जघन्य अपराध और अस्पताल में तोड़फोड़ के विरोध में शनिवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक 24 घंटे के लिए देश भर में डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरवी अशोकन ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। मृत महिला डॉक्टर के लिए न्याय और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय कानून जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। आईएमए के 3.30 लाख से ज्यादा डॉक्टर सदस्य हैं।

आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोकन ने कहा, देश के हर कोने से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। अन्याय के खिलाफ डॉक्टर एकजुट होकर खड़े हैं। इमरजेंसी सेवाओं का ध्यान रखते हुए विरोध प्रदर्शन जारी है। हर जगह डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। हम सरकार से इस दिशा में कदम उठाने की उम्मीद करते हैं, क्योंकि यह सुरक्षा का एक बुनियादी सवाल है, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर। न केवल डॉक्टर्स के लिए बल्कि दोश की सभी महिलाओं के लिए।

उन्होंने आगे कहा, अब सरकार को जवाब देना है। हम उनसे मौलिक अधिकार मांग रहे हैं, जीवन का अधिकार। हम प्रधानमंत्री को भी लिखेंगे। उनके हस्तक्षेप का समय आ गया है। प्रधानमंत्री को पत्र लिखना बहुत उचित रहेगा और आईएमए ऐसा करेगा।

झारखंड में भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
कोलकाता के सरकारी अस्पताल में प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से 24 घंटे की हड़ताल से झारखंड में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। आईएमए के प्रदेश सचिव डॉक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि रविवार सुबह छह बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहेंगी। उन्होंने कहा, “हम प्रशिक्षु चिकित्सक के लिए न्याय की मांग करते हैं और आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में की गई तोड़फोड़ की निंदा करते हैं।

नागालैंड में भी डॉक्टरों की हड़ताल जारी
नगालैंड में भी शनिवार को डॉक्टर्स हड़ताल पर चले गए जिससे राज्यभर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। आईएमए नगालैंड स्टेट ब्रांच, नगालैंड इन-सर्विस डॉक्टर्स एसोसिएशन और इंडियन डेंटल एसोसिएशन नगालैंड स्टेट ब्रांच ने सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी सेवाएं बंद रखने की घोषणा की।

गोवा में भी हड़ताल जारी
गोवा में निजी प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टरों और प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर्स भी शनिवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल हुए। आईएमए गोवा के अध्यक्ष डॉ. संदेश चोडानकर ने कहा कि उनके सभी सदस्य शनिवार सुबह छह बजे से विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं जो 24 घंटे तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इससे आपातकालीन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आईएमए के सदस्यों ने शनिवार को आजाद मैदान से ओल्ड गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भवन तक मौन विरोध मार्च की भी योजना बनाई है।


Spread the love