Chanamurraa

दोस्तों को तोहफे में दें अपने हाथों से बना फ्रेंडशिप बैंड, इन चीजों से मिनटों में कर सकते हैं तैयार

  • August 2, 2024
  • 119 Views
Spread the love

नई दिल्ली : अगस्त महीने के पहले रविवार को मित्रता दिवस मनाया जाता है। इस बार फ्रेंडशिप डे 4 अगस्त 2024 को मनाया जा रहा है। हर किसी के जीवन में कोई न कोई दोस्त होता है। दोस्ती भले ही खून से जुड़ा रिश्ता नहीं होता लेकिन परिवार की तरह ही एक दोस्त आपकी खुशी और उन्नति चाहता है।

फ्रेंडशिप डे ऐसे ही दोस्तों को समर्पित खास दिन है। इस दिन आप अपने दोस्तों को खास महसूस कराने के लिए तोहफे दे सकते हैं। किसी भी तोहफे में भावना की अभिव्यक्ति जरूरी है, ऐसे में दोस्त को तोहफे में अपने हाथों से बना फ्रेंडशिप बैंड दे सकते हैं। फ्रेंडशिप बैंड दोनों दोस्तों के बीच उनके रिश्ते को मजबूत बनाने वाली गांठ की तरह है, साथ ही यह दोस्ती का प्रतीक भी है। दोस्त के हाथ में फ्रेंडशिप बैंड उसे आपकी याद दिलाएगा। अगर आप खुद से फ्रेंडशिप बैंड बनाकर दोस्त के हाथ पर पहनाएंगे तो दोस्ती और अधिक स्नेहिल और गहरी हो सकती है। यहां आपको घर पर आसानी से फ्रेंडशिप बैंड बनाने के तरीके बताए जा रहे हैं।

चेन से बनाएं फ्रेंडशिप बैंड

इस तरह के फ्रेंडशिप बैंड को बनाने के लिए आपके पास एक पतली या मोटी चेन होनी चाहिए। इसके लिए आप अपने पुराने ब्रेसलेट का उपयोग कर सकते हैं। चेन पर दोस्त के नाम के पहले अक्षर के मेटल क्यूब या घुंघरू का उपयोग करके कस्टमाइज्ड फ्रेंडशिप बैंड बना सकते हैं। फेवीकोल से क्यूबिक लैटर या घुंघरू को चिपकाएं और आपका चेन वाला फ्रेंडशिप बैंड तैयार है।

बीट्स से बनाएं फ्रेंडशिप बैंड

एक गोलाकार इलास्टिक या धागे में छोटे-छोटे बीट्स को पिरोएं। फिर आपस में गांठ बांधकर बैंड के दोनों सिरों को जोड़ दें। बीट्स वाला फ्रेंडशिप बैंड तैयार है, इसे अपने दोस्त की कलाई पर पहनाएं।

धागे से बनाएं फ्रेंडशिप बैंड

घर पर रखें सूती या सिल्क के धागों की मदद से आसानी से फ्रेंडशिप बैंड बना सकते हैं। इसके लिए दो अलग-अलग रंग के धागों को लें। उन्हें गूंथ कर चोटी बना लें। अब दोनों छोरों पर एक-एक गांठ बांध दें। दोस्त के लिए खूबसूरत फ्रेंडशिप बैंड मिनटों में तैयार हो जाएगा। आप चाहें तो इसे अधिक आकर्षक बनाने के लिए मनपसंद बीट्स या क्यूबिक भी लगा सकते हैं।

मोतियों से बनाएं फ्रेंडशिप बैंड

अगर आपके पास किसी माला के मोती रखे हुए हैं तो उन मोतियों से भी आप सुंदर फ्रेंडशिप बैंड बनाकर दोस्त को गिफ्ट कर सकते हैं। गोलाकार इलास्टिक या फिर रंग बिरंगे ऊन में कलरफुल मोती को पिरोकर दोनो छोरो पर गांठ बांध दें। अब इस बैंगल की तरह पहना सकते हैं। चाहें तो मोतियों के बाद कुछ ऊन को खाली रखें, ताकि इसे नाॅट स्टाइल में दोस्त की कलाई पर बांध सकें।


Spread the love