Chanamurraa

राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के नवाचारों को मिलेगी जगह

  • October 24, 2026
  • 3 Views
Spread the love

मुख्य सचिव विकासशील ने की तैयारियों की समीक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुशासन पर फोकस

रायपुर। मुख्य सचिवों के आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की प्रमुख योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू हो गई है।

इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें पिछले सम्मेलन से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई और एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए कार्यों की प्रगति तथा गुणात्मक सुधारों का आकलन किया गया।

मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों को निर्देश दिए कि शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में राज्य की बेहतर पहलों और उनके परिणामों की जानकारी तय समय-सीमा में तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए।

आंगनबाड़ी के खिलौना बैंक की सराहना

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक पहल को खास तौर पर सराहा गया। इसके तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में किया जाता है। इस पहल के तहत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने जमा किए जा चुके हैं।

विकसित भारत 2047 पर होंगे चार सत्र

राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें विकास की प्राथमिकताएं, आर्थिक विकास और राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन की भूमिका, सुशासन में तकनीक का उपयोग तथा सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए बेहतर कार्यप्रणाली शामिल हैं।

इसके अलावा स्वास्थ्य-पोषण, गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और राज्यों के बीच प्रतिस्पर्धा जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

कई विभागों के सचिव रहे मौजूद

बैठक में नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, लोक निर्माण, उद्योग, आवास एवं पर्यावरण, कौशल विकास, राजस्व, खेल, आदिम जाति, जल संसाधन, स्वास्थ्य और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित अन्य अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।


Spread the love