अंबिकापुर। अंबिकापुर जिला में मोमबत्ती की रौशनी में पेट्रोल दे रही महिला की जिंदा जलकर मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि किराना दुकान की आड़ में महिला पेट्रोल बेचने का काम करती थी। मंगलवार की शाम एक युवक महिला की दुकान पर पेट्रोल लेने आया हुआ था। मोमबत्ती जलाकर महिला युवक को पेट्रोल दे रही थी। तभी अचानक आग भड़क गयी और महिला दुकानदार के साथ ही पेट्रोल लेने आया युवक झुलस गए। इस घटना में महिला का घर जहां पुरी तरह से जलकर खाक हो गया, वहीं बुरी तरह से झुलसी महिला की भी मौत हो गयी।
अंबिकापुर जिला में ये घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि ग्राम कंचनपुर में लाल साय का किराना दुकान संचालित है। मंगलवार की रात दुकान पर लालसाय की पत्नी दरिना सिंग बैठी हुई थी। रात करीब 8 बजे एक गांव में ही रहने वाला अजय नामक युवक दुकान में पेट्रोल लेने के लिए पहुंचा था। दुकान में बिजली गुल होने के कारण दरिना सिंग ने मोमबत्ती की रोशनी में जरिकेन से पेट्रोल निकाल रही थी।
इसी दौरान एकाएक जरिकेन के पास ही मोमबत्ती होने के कारण आग भभक उठी। जरिकेन में रखे पेट्रोल से भड़की आग की चपेट में आकर दरिना सिंह और अजय झुलस गए। बताया जा रहा है कि बाहर निकलने का रास्ता नहीं होने के कारण महिला दुकान के अंदर भागी। देखते ही देखते दुकान और पूरे घर में आग फैल गई।आग लगने के बाद महिला दुकान के भीतर ही कोने में खड़ी थी। इसी दौरान दुकान में रखे फ्रीज का कंप्रेशर फट गया। इससे आग भीतर तक फैल गई।
हड़बड़ी में महिला के हाथ से पेट्रोल का डिब्बा युवक अजय की तरफ जा गिरा। जिससे युवक भी आग की चपेट में आकर झुलस गया।उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गयी।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड टीम ने गंभीर रूप से झुलसी दरिना सिंह और अजय को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया। यहां इलाज के दौरान महिला दुकानदार दरिना सिंग की मौत हो गयी। पुलिस ने इस घटना पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




