Chanamurraa

जनता भूखे मरती थी कांग्रेस के राज में, पिछले दस साल में हमने भारत को बदलते देखा:CM योगी आदित्यनाथ

  • April 21, 2024
  • 47 Views
Spread the love

कोरबा। CM योगी आदित्यनाथ ने कोरबा में सभा को संबोधित किया और कहा कि, 10 साल में हमने बदलते भारत को देखा है। एक ऐसा भारत जिसका विश्व में सम्मान बढ़ा है। आज के भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं। आज का भारत आतंकवाद और नक्सलवाद के सामने घुटने नहीं टेकता है। यह भगवान राम का ननिहाल है। माता कौशल्या का मायका है। इसलिए रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सबसे ज्यादा उल्लास कहीं था तो छत्तीसगढ़ में था। ऐसा कौन है जिसे ननिहाल अच्छा नहीं लगता। हमारे लिए भी यह ननिहाल है।

2014 के पहले किसान आत्महत्या करता था। जवान पलायन करता था। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थी। आतंकवादी कहीं भी घुसकर बम विस्फोट करते थे। अब कुछ भी होता है तो पाकिस्तान पहले सफाई दे देता है कि हमने कुछ नहीं किया। उसे पता है कि अगर किसी भी धमाके में पाकिस्तान का हाथ आया तो भारतीय सेना घर में घुसकर मारेगी। योगी ने कहा कि, मोदीजी 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन का लाभ दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी के शासन में मुफ्त चावल मिल रहा है। कांग्रेस के राज में जनता भूखे मरती थी। पाकिस्तान की 23 करोड़ की आबादी भी अभी भूखे मर रही है। कांग्रेसी तो कमीशन खाने के आदी हैं। उनकी कमीशनखोरी को लगाम लगाने के लिए, पीएम मोदी ने जन-धन अकाउंट खोले हैं। दिल्ली और रायपुर से अगर पैसा आपको भेजा जाएगा तो उसमें कोई कांग्रेसी दलाल डकैती नहीं डाल पाएगा।

योगी ने कहा, 12 करोड़ किसानों को सम्मान निधि का लाभ, 12 करोड़ शौचालय का निर्माण, 10 करोड़ महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन के साथ जोड़ने का काम बीजेपी ने किया। 10 करोड़ गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन का काम बीजेपी ने किया। छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार ने किसी गरीब का मकान नहीं बनाया। अब छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार 18 लाख गरीबों को एक-एक आवास उपलब्ध कराएगी। एक तरफ फ्री में राशन, दूसरी तरफ कांग्रेस ने घोटाले पर घोटाला किया। शराब, कोयला यहां तक की गोबर में भी उन्होंने घोटाला कर दिया। कांग्रेस ने भगवान को भी नहीं छोड़ा महादेव एप के नाम पर भी घोटाला कर दिया। कांग्रेस ना सुरक्षा दे सकती है ना विकास की बड़ी परियोजना ला सकती है। इनका तो नक्सलवाद के साथ भी आंतरिक समझौता था। कैसे सांठगांठ करते थे ये किसी से छिपा नहीं है। जिन नौजवानों के हाथ में रोजगार होना चाहिए था उनके हाथ में कांग्रेस ने तमंचे थमा दिए। समाज को बांटने का काम कांग्रेस करती है।

इससे पहले भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडे ने देश के विकास के लिए बीते 10 वर्षों में किए गए कार्यों पर रोशनी डाली और एक बार फिर भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनाने की अपील की। श्रम और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत उद्बोधन दिया।। उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।सभा के प्रारंभ में विभिन्न पदाधिकारी ने योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। आमसभा में भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति दर्ज हुई।


Spread the love