Chanamurraa

बलौदाबाजार हिंसक घटना के बाद जिले में धारा 144 लागू, कलेक्टर ने जारी किया आदेश…

  • June 11, 2024
  • 59 Views
Spread the love

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार को गिरौदपुरी जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में सतनामी समाज उग्र हो गया।  प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर, एसपी कार्यालय सहित गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद कलेक्टर के.एल चौहान ने बलौदाबाजार जिला मुख्यालय सहित शहर में धारा 144 लागू कर दिया है।

दरअसल सोमवार को दशहरा मैदान में प्रदेश भर के सतनामी समाज के हजारों लोगों ने कलेक्टर और एसपी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने जैतखाम में तोड़-फोड़ को लेकर सीबीआई जांच की मांग करने लगे। धीरे-धीरे युअव आंदोलन उग्र हो गया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर, एसपी कार्यालय सहित कई गाड़ियों में  आग दी। साथ ही आग को बुझाने आए दो दमकल गाड़ियों को भी फूंक दिया। इस प्रदर्शन में कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।

बता दें 15 मई की देर रात सतनामी समुदाय के धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम से करीब 5 किमी मानाकोनी बस्ती स्थित बाघिन गुफा में लगे धार्मिक चिन्ह जैतखाम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में समाज के हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास मौजूद दशहरा मैदान में कई दिन से प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोगों का आरोप है कि पकड़े गए लोग असली आरोपी नहीं हैं और पुलिस दोषियों को बचा रही है। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान लोग इसी बात को लेकर उग्र हो गए। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए।


Spread the love