Chanamurraa

एशियाई खेल: थाईलैंड को हराकर फाइनल में पहुंची भारतीय कबड्डी टीम

  • September 25, 2026
  • 7 Views
Spread the love

आठ बार की चैंपियन और गत विजेता भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-28 से हराकर एशियाई खेल 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम अब अपने खिताब का बचाव करने से एक जीत दूर है।

भारत ने पुरुष कबड्डी स्पर्धा के अपने नौवें फाइनल में जगह बनाई है। टीम ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों हाफ में थाईलैंड पर दबदबा बनाए रखा। भारत ने पहले हाफ में 37 अंक हासिल किए, जबकि थाईलैंड 18 अंक ही जुटा सका। दूसरे हाफ में भी भारत ने 29 अंक जोड़े और थाईलैंड को केवल 10 अंक मिले।

पहले हाफ में भारत ने 21 आउट अंक, 12 बोनस अंक और दो ऑलआउट हासिल किए। थाईलैंड ने 13 आउट अंक, तीन बोनस अंक जुटाए और एक ऑलआउट लगाया। मुकाबले के शुरुआती हिस्से में थाईलैंड ने भारतीय टीम को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन भारत ने जल्द ही अपनी पकड़ मजबूत कर ली। पहले हाफ की समाप्ति पर भारत ने 37-18 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने 22 आउट अंक और तीन बोनस अंक हासिल किए तथा दो और ऑलआउट लगाए। थाईलैंड को इस दौरान सात आउट अंक, दो बोनस अंक और एक तकनीकी अंक मिला। भारत ने लगातार आक्रामक रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर मुकाबला एकतरफा कर दिया। थाईलैंड के खिलाड़ी थकान से जूझते दिखे, जिसका भारत ने पूरा फायदा उठाया। देवांक ने शानदार रेड करते हुए लगातार अंक जुटाए, जबकि अयान, अर्जुन देशवाल और असलम इनामदार ने भी टीम की बढ़त बढ़ाने में योगदान दिया।

भारतीय पुरुष टीम प्रतियोगिता में अब तक अजेय है। उसने ग्रुप ए में अपने चारों मुकाबले जीतने के बाद सेमीफाइनल में भी शानदार जीत दर्ज की। फाइनल में भारत का सामना ईरान या चीनी ताइपे से होगा।

महिला टीम भी फाइनल में
इससे पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारत ने सेमीफाइनल में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और पहले हाफ में 31-17 की बढ़त हासिल की। दूसरे हाफ में भारत ने 17 अंक जुटाए, जबकि नेपाल केवल सात अंक ही हासिल कर सका।

पहले हाफ में भारत ने 23 आउट अंक, चार बोनस अंक और दो ऑलआउट लगाए। नेपाल को 13 आउट अंक और तीन बोनस अंक मिले, जबकि उसने एक सुपर टैकल भी किया।

दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा कायम रहा। भारतीय टीम ने 12 आउट अंक, तीन बोनस अंक और एक ऑलआउट लगाया। नेपाल इस दौरान केवल पांच आउट और दो बोनस अंक ही जुटा सका। इस तरह एशियाई खेलों में भारत की पुरुष और महिला दोनों कबड्डी टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं।


Spread the love