Chanamurraa

चंबा सड़क हादसा: सुबह-सुबह हुआ भयानक कारमश, बस के नीचे दबने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत

  • August 8, 2026
  • 2 Views
Spread the love

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चुराह उपमंडल के तहत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर देवीकोठी के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर नीचे गुजरती दूसरी सड़क पर जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, हादसे में घायल करीब सात लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

सुबह साढ़े 6 बजे हुआ हादसा, बस में थे 15-16 यात्री

शर्मा ट्रैवलर्स की यह निजी बस शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस ने अभी महज तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि चालुज मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हादसे के समय बस में कुल 15 से 16 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बस सीधे नीचे वाली सड़क पर जा पलटी।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, तीसा अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल तीसा भिजवाया। आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य यात्री भी बस के मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए मौके पर बचाव अभियान जारी है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर, शुरू हुई जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा मलबे को हटाने और बस को सीधा करने का प्रयास किया जा रहा है।


Spread the love