Chanamurraa

राज्योत्सव में 2 नवंबर को एयर शो: 5 हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब, 2 महिला पायलट भी टीम में शामिल

  • October 28, 2026
  • 8 Views
Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को रायपुर स्थित निवास कार्यालय में टीम के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उसकी भागीदारी को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करेगा। हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान, सटीक समन्वय और कठिन हवाई करतब भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता का परिचय देंगे। स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए भारत की विमानन क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भी प्रदर्शित होगी।

दो महिला पायलट भी दिखाएंगी दम

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम एयर शो करेगी। इसमें स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया के रूप में दो महिला पायलट भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सहभागिता प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

युवाओं को मिलेगा प्रेरणा का मौका

सारंग टीम के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य हवाई करतब दिखाने के साथ युवाओं को साहस, आत्मविश्वास और अनुशासन का संदेश देना भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत के उत्सव के साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का अवसर भी है।

सेंध लेक में होने वाला एयर शो राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। इसमें दर्शकों को पांच हेलीकॉप्टरों की समन्वित उड़ान और आकर्षक हवाई संरचनाएं देखने को मिलेंगी।


Spread the love