आरोग्य मंथन 2026 में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने किया सम्मानित, CM साय बोले- हर पात्र परिवार तक पहुंचे गुणवत्तापूर्ण इलाज
रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। योजना के तहत पोर्टेबिलिटी क्लेम्स के समयबद्ध और प्रभावी निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य को यह सम्मान प्रदान किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘आरोग्य मंथन 2026’ में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़ को सम्मानित किया। राज्य की ओर से आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र गहवई ने पुरस्कार ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक परेशानी के कारण किसी पात्र नागरिक को इलाज से वंचित न होना पड़े। बीमारी के समय उपचार के साथ परिवार को आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिले, इसके लिए आयुष्मान भारत योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है।
दूसरे राज्यों में इलाज लेने वालों को भी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टेबिलिटी सुविधा उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्हें रोजगार या अन्य कारणों से दूसरे राज्य में रहना पड़ता है अथवा बेहतर इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता है। पात्र हितग्राही देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में योजना से जुड़े अस्पतालों में कैशलेस उपचार ले सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इलाज के अभाव में किसी जरूरतमंद परिवार की उम्मीद नहीं टूटनी चाहिए। सरकार का प्रयास हर पात्र परिवार तक गुणवत्तापूर्ण, निःशुल्क और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
30 जून तक 29.05 लाख अंतर-राज्यीय उपचार
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के अनुसार 30 जून 2026 तक पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत देशभर में 29.05 लाख अंतर-राज्यीय अस्पताल प्रवेश अधिकृत किए गए। इनसे संबंधित अधिकृत राशि 8,383.97 करोड़ रुपए से अधिक रही। छत्तीसगढ़ में क्लेम प्रोसेसिंग, तकनीकी निगरानी और अस्पतालों के साथ समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।




