Chanamurraa

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव की नई तारीखें तय, 30 अगस्त से सदस्यता शुरू; 29 सितंबर तक चलेगी प्रक्रिया

  • August 20, 2026
  • 2 Views
Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर नई समय-सारिणी जारी कर दी गई है। चुनावी सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया 30 अगस्त से शुरू होगी, जो 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। संगठन ने चुनाव में शामिल होने के इच्छुक युवाओं और सदस्यों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

नई तारीखों का ऐलान ऐसे समय किया गया है, जब युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और शिकायतों का दौर चल रहा था। चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, नियमों में बदलाव और प्रक्रिया से जुड़ी आपत्तियों को लेकर कई कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व तक शिकायतें पहुंचाई थीं। अब नई समय-सारिणी के साथ संगठन के सामने चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की चुनौती है।

तीन दिन के दौरे पर थीं प्रभारी स्मृति रंजन लेंका

युवा कांग्रेस की प्रभारी स्मृति रंजन लेंका 17 से 19 अगस्त तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। उनके दौरे के दौरान चुनाव प्रक्रिया से प्रभावित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और आपत्तियां सुनी गईं। कथित अनियमितताओं और अब तक हुई कार्रवाई को लेकर भी कार्यकर्ताओं से जानकारी ली गई।

राजीव भवन में सुनीं शिकायतें

17 अगस्त को रायपुर के शंकर नगर स्थित राजीव भवन में प्रदेश प्रभारी और चुनाव पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान प्रभावित कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी अपनी समस्याएं और आपत्तियां राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखीं। पदाधिकारियों ने शिकायतों को समझने के साथ उनके निराकरण के लिए आगे की कार्रवाई पर चर्चा की।

मीडिया में मामला उठने के बाद सक्रिय हुआ नेतृत्व

युवा कांग्रेस चुनाव में कथित गड़बड़ियों और नियमों को लेकर उठे सवालों को मीडिया में भी प्रमुखता मिली थी। इसके बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले का संज्ञान लेते हुए पदाधिकारियों को छत्तीसगढ़ भेजकर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कराया।

अब 30 अगस्त से शुरू होने वाली सदस्यता और चुनावी प्रक्रिया 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। संगठन के लिए इस दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होगी।


Spread the love