Chanamurraa

बागेश्वर धाम से लौटते वक्त हादसा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव घायल

  • July 29, 2026
  • 4 Views
Spread the love

रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुआ, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। दुर्घटना में उन्हें कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक, वापसी के दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे के समय किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

सूत्रों के अनुसार, किरण देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्हें बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी भी की जा रही है। हादसे में उनका चालक भी घायल हुआ है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक प्रशासन या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


Spread the love