Chanamurraa

72 घण्टों से जारी हैं मुठभेड़, मुठभेड़ में 14 नक्सली ढेर, शव रायपुर में पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

  • January 22, 2025
  • 17 Views
Spread the love

गरियाबंद।गरियाबंद के कुल्हाड़ी घाट क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। अब तक 14 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इस ऑपरेशन में उड़ीसा के नुआपड़ा SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के करीब 75 जवान शामिल थे। मुठभेड़ में SOG का एक जवान घायल हुआ है, जिसका इलाज रायपुर के नारायणा अस्पताल में जारी है।

14 नक्सलियों के शव रायपुर लाए गए
सभी 14 नक्सलियों के शव को छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंप दिया गया है। SOG टीम बिना किसी नक्सली शव के सकुशल नुआपड़ा लौट गई। नुआपड़ा SP गुड़ला रेड्डी राघवेंद्र ने इसकी पुष्टि की है। मारे गए नक्सलियों के शवों को आज सुबह 5 बजे रायपुर के मेकाहारा (मेडिकल कॉलेज अस्पताल) लाया गया। शवों का पोस्टमार्टम नए बने मर्चुरी में किया जाएगा।

पोस्टमार्टम के लिए तैनात की गई 22 डॉक्टरों की टीम
पोस्टमार्टम के लिए 12 डॉक्टर पहले से तैनात थे, इसके अलावा 10 अतिरिक्त डॉक्टर और 10 सफाईकर्मियों की मांग की गई है। कुल 22 डॉक्टरों की टीम मारे गए नक्सलियों का पोस्टमार्टम करेगी। नए मर्चुरी में पहली बार इतने बड़े ऑपरेशन के बाद शवों का परीक्षण किया जा रहा है।

72 घंटे से जारी है मुठभेड़
यह ऑपरेशन 19 जनवरी को शुरू हुआ था और अब तक रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। कुल्हाड़ी घाट के भालू डिग्गी पहाड़ पर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर रखा है। अधिकारियों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है।

2025 का सबसे बड़ा और सफल ऑपरेशन
सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई 2025 का अब तक का सबसे बड़ा और सफल ऑपरेशन मानी जा रही है। मारे गए नक्सलियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षाबल सतर्कता के साथ सर्च ऑपरेशन को आगे बढ़ा रहे हैं।

मुठभेड़ की अहम बातें:

14 नक्सली मारे गए।

मुठभेड़ में 1 SOG जवान घायल।

सभी शव रायपुर में पोस्टमार्टम के लिए लाए गए।

22 डॉक्टरों की टीम करेगी पोस्टमार्टम।

मुठभेड़ स्थल पर अभी भी फायरिंग जारी।

सुरक्षा बलों का यह ऑपरेशन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बहाल करने के प्रयासों का हिस्सा है। संबंधित एजेंसियां इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता मान रही हैं।


Spread the love