Chanamurraa

छत्तीसगढ़ प्रांत ने सबसे पहले अपना प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया इसके लिए सभी बधाई के पात्र : नबीन

  • January 17, 2025
  • 18 Views
Spread the love

रायपुर।भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ प्रांत के सबसे पहले अपना प्रदेश अध्यक्ष घोषित करने के लिए केंद्रीय नेतृत्व व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आपने विधानसभा और लोकसभा का चुनाव पूरे संघर्ष के साथ जीता। आपने उन विषम परिस्थितियों में संघर्ष कर कर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलाया है। अब नई भूमिका में आप आने वाले हैं लेकिन पुरानी भूमिका में आपने जो संघर्ष किया है, उसके लिए भारतीय जनता पार्टी सदैव आपकी ऋणी रहेगी। नबीन ने कहा कि जो आने वाला चुनाव है, पंचायत से पार्लियामेंट का जो सपना हमारे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देखा है, उस सपने को साकार करना है। इसके लिए हम सबको इस प्रकार से मिलकर चुनाव लड़ना है जिस प्रकार से हमने विधानसभा और लोकसभा का चुनाव लड़ा है। एक-दूसरे का हाथ पकड़कर अपने कार्यकर्ताओं को मुखिया से लेकर मेयर तक बनाने का सपना हम सबको पूरा करना है।

नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने पर किरण सिंह देव को बधाई देते हुए आगामी सफलतम कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित की और कहा कि हम सभी को विश्वास है कि किरण जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता हमेशा की तरह परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे एवं भाजपा संगठन को नई ऊंचाइयां देंगे। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र को सर्वोपरि मानने वाली पार्टी है एवं इसका एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए समर्पित होकर कार्य करता है छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को छुए सभी का यही संकल्प है। 2047 में भारत को विकसित भारत बनाने के सपने को हमें छत्तीसगढ़ को विकसित बनाकर सरकार करना है।


Spread the love