गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में शुक्रवार को आईईडी जैसे दो उपकरणों के बरामद होने के बाद प्रदेश में जब्त किये गये बम जैसे चीजों की कुल संख्या 10 हो गयी है। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन उल्फा (आई) ने दावा किया है कि प्रदेश में सीरियल ब्लास्ट करने के लिए उसने 24 विस्फोटक लगाए हैं। इनमें से एक उपकरण सतगांव इलाके में, नरेंगी सैन्य छावनी के पास, और दूसरा राज्य सचिवालय और मंत्रियों की कॉलोनी के नज़दीक लास्ट गेट पर मिला, जहां मुख्यमंत्री का भी आवास स्थित है। यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (इंडिपेंडेंट) ने गुरुवार को विभिन्न मीडिया संगठनों को भेजे ई-मेल में एक सूची भेजी, जिसमें 19 बमों के सटीक स्थानों की पहचान तस्वीरों के साथ की, लेकिन शेष पांच के बारे में उसमें नहीं बताया। उल्फा ने कहा कि विस्फोट बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से दोपहर के बीच होने थे, लेकिन ‘तकनीकी विफलता’ के कारण बम नहीं फटने के कारण इसे अंजाम नहीं दिया जा सका।




