Chanamurraa

CG : पेट्रोल पंप संचालक से लाखों की लूट का खुलासा- लूट की वारदात में आरोपियों ने प्रेमिका को किया शामिल, लूट के पैसोें से खरीदे फ्रीज, गद्दा और पंखा

  • August 11, 2024
  • 75 Views
Spread the love

कोरबा : कोरबा में पेट्रोल पंप संचालक पर जानलेवा हमला कर 5 लाख रूपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रायगढ़ जिला से दो आरोपियों सहित उनकी एक महिला साथी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है लूट की वारदात के गिरफ्तार आरोपी पहले भी लूट और अपहरण के मामले में गिरफ्तार हो चुके है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कैश और अन्य सामान जब्त कर लिया है।

गौरतलब है कि 5 अगस्त की शाम करतला थाना क्षेत्र में लूट की वारदात से हड़कंप मच गया था। करतला थाना क्षेत्र में संचालित पेट्रोल पंप के संचालक संतोष गोयल पर अज्ञात आरोपी ने जानलेवा हमला कर 4 लाख 80 हजार रूपये की लूट कर फरार हो गये थे। मूलतः सक्ती जिला के रहने वाले संतोष गोयल को आरोपियों ने पेट्रोल पंप से हिसाब कर लौटने के दौरान शाम के वक्त लूट का शिकार बनाया था। वारदात की जानकारी के बाद कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी के दिशा निर्देश पर सायबर सेल की टीम के साथ ही करतला पुलिस को आरोपियों का सुराग जुटाने विशेष निर्देश दिया गया था।

पुलिस की विवेचना में रायगढ़ जिला में रहने वाले भरतलाल श्रीवास की गतिविधियां संदिग्ध पता चलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और उसने इस वारदात में शामिल विकास तिर्की के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस को दोनों आरोपियों के अपराधिक रिकार्ड खंगालने पर पता चला कि रायगढ़ पुलिस पूर्व में भी भरतलाल श्रीवास को लूट और विकास तिर्की को अपहरण के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी पहचान जेल में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती होने पर दोनों ने सक्ती के पेट्रोल पंप संचालक को लूटने की प्लानिंग बनायी थी। भरतलाल श्रीवास ने बकायदा घटना के दिन विकास तिर्की को करतला लाकर उसे पेट्रोल पंप संचालक को दिखाकर उससे लूटने की योजना तैयार की। 5 अगस्त को जब संतोष गोयल सप्ताह भर का हिसाब कर वापस सक्ती लौट रहा था, तभी रास्ते में विकास तिर्की ने उस पर जानलेवा हमला कर उससे पैसों का थैला लेकर फरार हो गया।

आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद वह जंगल की ओर भागने के दौरान भटक गया था। जिसके बाद भरतलाल अपने महिला मित्र रमिला राठिया के साथ उसके पास पहुंचा। इसके बाद तीनों ने आपस में पैसे बांट लिये। लूट के पैसों से विकास तिर्की ने फ्रीज, पलंग, गद्दा, आलमारी, पंखा सहित अन्य घरेलू सामान खरीद लिया था। पुलिस ने इस लूटकांड का खुलासा होने के बाद तीनों आरोपियों के पास से लूट की रकम बरामद कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।


Spread the love