Chanamurraa

प्रेमियों की तकदीर बदलती है टनल ऑफ लव, कई सालों तक लोगों से रही अनजान

  • July 31, 2024
  • 112 Views
Spread the love

नई दिल्ली : टनल या सुरंग ज्यादातर लोगों को बेहद रोमांचक लगती है। बस या ट्रेन में सफर करते हुए कई बार सुरंग देखने को मिलती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक टनल ऐसी भी है, जो प्यार करने वालों की तकदीर को बदलती है? इसे टनल ऑफ लव के नाम से जाना जाता है। यह असल में एक सुरंग नहीं हैं, लेकिन यहां ट्रेन के लिए ट्रैक जरूर है। घने पेड़ों की वजह से इसने एक सुरंग का रूप ले लिया है। यह खास टनल यूक्रेन के रिव्ने इलाके में क्लेवन शहर और ओरजिव गांव के बीच स्थित है। इसे प्रेम की सुरंग कहे जाने के पीछे एक रोमांचक कहानी है। आइए जानते हैं आखिर इसके पीछे की वजह क्या है…

यह शानदार सुरंग दुनिया भर के प्रेमी जोड़ों के लिए एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण बन चुका है। एक पुरानी किंवदंती के मुताबिक, इस सुरंग को खोजे जाने से पहले भी यह सदियों से अस्तित्व में थी, और एक समय में यह कैसल क्लेवन से भागने वाले प्रेमियों के लिए एक आश्रय स्थल भी रहा था।

एक अन्य दिलचस्प कहानी की मानें तो, यह रेल मार्ग एक युवा पोलिश इंजीनियर ने बताई थी, जो क्लेवन में रहने वाली एक लड़की से प्यार करता था। उसने ओरजिव से अपनी प्रेमिका तक पहुंचने के लिए सड़क को छोटा करने के लिए सीधे जंगल में एक रेल मार्ग बनाया था।

एक और पारंपरिक संस्करण में कथित तौर पर बताया गया है कि सुरंग की उत्पत्ति शीत युद्ध के तनाव और गोपनीयता से जुड़ी है। बताया जाता है कि सोवियत काल में सैन्य उद्देश्यों के लिए यह रेल मार्ग बनवाया गया था। ऐसी मान्यता है कि यूक्रेनी सेना ने सैन्य हार्डवेयर के परिवहन को छिपाने के लिए जानबूझकर ट्रैक के किनारे पेड़-पौधे लगाए थे। हालांकि समय के साथ, सेना चली गई, और प्रकृति ने सुरंग को एक वास्तविक सुंदरता दे दी। ओरजिव में लकड़ी के कारखाने से एक मालगाड़ी हर दिन इस ट्रैक से होते हुए जाने लगी। ऐसे में पेड़ों और झाड़ियों की शाखाओं ने टकराने से एक टनल का आकार ले लिया।

हैरानी की बात तो ये है कि साल 2011 में इंटरनेट पर लोकप्रिय होने से पहले तक इस टनल के बारे में बहुत कम लोग ही जानते थे। दरअसल क्लेवन के बाहरी इलाके में झाड़ियों में भटक रहे पर्यटकों के एक समूह ने इसे खोजा। इसकी एक तस्वीर उन्होंने फेसबुक पर शेयर किया, जिसके बाद पत्रकार और फोटोग्राफर अमोस चैपल ने इस जगह का दौरा किया। इसके बाद इन लोगों ने इस सुरंग के बारे में अधिक जानकारी साझा की।

इस सुरंग की खासियतों के बारे में भी कई मान्यताएं हैं। प्रेमी जोड़े मानते हैं कि इस सुरंग में एक किस उनके प्यार को और भी मजबूत कर देता है। मान्यता है कि अगर कपल इस रेल मार्ग पर खड़े होकर गले मिलते हैं, तो वे कभी अलग नहीं होंगे। यही वजह है कि यह टनल दुनिया भर में मशहूर है।


Spread the love