Chanamurraa

अल्लू अर्जुन के भाई ने बताया कब आएगी ‘पुष्पा 2’, फिल्म में देरी के कारण पर भी की बात

  • July 26, 2024
  • 56 Views
Spread the love

नई दिल्ली : अगर सब सही रहता तो ‘पुष्पा 2’ अब से कुछ ही दिन बाद रिलीज हो जाती, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की शूटिंग अभी तक पूरी नहीं हुई है। कहा जा रहा है कि अब यह फिल्म अगले साल ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसी बीच, अब अल्लू अर्जुन के भाई अल्लू सिरीश ने ‘पुष्पा 2’ की रिलीज को लेकर अपनी ओर से कुछ बातें साझा की है।

इन दिनों अल्लू सिरीश अपनी नई फिल्म ‘बडी’ की रिलीज की तैयारी में जुटे हुए हैं। वो इसका जोर शोर से प्रचार कर रहे हैं। ऐसे ही एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने भाई की फिल्म के बारे में भी बात की। तेलुगु 123 की रिपोर्ट के मुताबिक, सिरीश ने कहा कि ‘पुष्पा 2’ को लेकर नकारात्मकता फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को शानदार ढंग से बनाया जा रहा है।

अल्लू सिरीश ने साफ शब्दों में कहा कि ‘पुष्पा 2’ अपने तय समय पर ही आएगी और इसमें कोई देरी नहीं होगी। शूटिंग में देरी के कारण को बताते हुए सिरीश ने कहा कि फिल्म को बढ़िया बनाने के लिए इसे टाल दिया गया था और लोगों को यह बात समझनी चाहिए।

पिछले दिनों अल्लू अर्जुन और निर्देशक सुकुमार के बीच रचनात्मक मतभेदों की खबरें आई थी, जिसमें कहा गया था कि अल्लू अर्जुन और सुकुमार शूटिंग रोककर कुछ दिनों के लिए विदेश चले गए। गुरुवार को अल्लू अर्जुन की एक फोटो भी सामने आई, जिसमें वो अपनी पत्नी के साथ विदेश में घूमते नजर आए। इस फोटो ने उनके प्रशंसकों के बीच हलचल भी पैदा कर दी।

‘पुष्पा 2’ 15 अगस्त, 2024 को रिलीज होनी थी। शूटिंग बाकी रह गई तो तारीख को पीछे खिसकाकर नई तारीख का एलान किया गया। नई तारीख 6 दिसंबर, 2024 तय की गई है। यह तारीख भी धीरे-धीरे पास आती आ जा रही है, लेकिन शूटिंग अभी भी बाकी है, जिसे देखते हुए कहा जा रहा है कि ‘पुष्पा 2’ को देखने का मौका अगले साल ही मिलेगा।


Spread the love