Chanamurraa

ये तीन ‘सफेद चीजें’ सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक, कम कर दें इनका सेवन वरना हो सकती हैं गंभीर बीमारियां

  • July 18, 2024
  • 65 Views
Spread the love

नई दिल्ली : हम जिस तरह की चीजों का सेवन करते हैं सेहत पर उसका सीधा असर होता है। यही कारण है कि शरीर को रोग मुक्त रखने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ आहार में पौष्टिक चीजों जैसे हरी सब्जियां-फल, नट्स-सीड्स को शामिल करने की सलाह देते हैं। बीमारियों से बचे रहने के लिए आहार में क्या शामिल करें, इससे ज्यादा ये जानना जरूरी है कि किन चीजों से दूरी बनाई जाए?

अध्ययनों के आधार पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हम सभी के दैनिक आहार में तीन सफेद चीजें ऐसी हैं जिनसे कई प्रकार की बीमारियों का जोखिम हो सकता है। बहुत से लोग ऐसे भी हैं जो वर्षों से इनका सेवन तो कर रहे हैं पर इसके कारण होने वाली दिक्कतों से अनजान हैं।

आइए इन चीजों के बारे में जानते हैं।

आहार में शामिल तीन सफेद चीजें

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि दुनियाभर में तेजी से बढ़ती क्रोनिक बीमारियों के लिए आहार की जिन चीजों को सबसे ज्यादा नुकसानदायक पाया गया है वह हैं- चीनी, नमक और सफेद चावल। ब्लड प्रेशर से लेकर वजन बढ़ने, ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ाने और किडनी-लिवर की सेहत को नुकसान पहुंचाने के लिए इन्हें प्रमुख कारकों में से एक पाया गया है।

इतना ही नहीं वैश्विक स्तर पर बढ़ रहे हार्ट अटैक के जोखिमों से बचाव के लिए वैज्ञानिक सभी लोगों को आहार में नमक की मात्रा कम रखने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि ये सफेद चीजें सेहत को किस तरह से नुकसान पहुंचाती हैं?

नमक से ब्लड प्रेशर-हार्ट की दिक्कत

सोडियम का सेवन हम सभी रोजाना करते हैं, पर क्या आप जानते हैं कि असल में ये हमारे लिए बहुत हानिकारक हो सकता है। ज्यादा नमक वाली चीजों के सेवन के कारण हाई ब्लड प्रेशर का जोखिम रहता है जिससे हृदय रोग-हार्ट अटैक होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके अलावा इसे किडनी की बीमारियों के लिए भी जिम्मेदार पाया गया है।

अध्ययनों में पाया गया है कि नमक के अधिक सेवन से मूत्र प्रोटीन की मात्रा बढ़ जाती है जो किडनी रोग और हृदय रोग के विकास के लिए एक प्रमुख जोखिम कारक है। ये किडनी स्टोन के खतरे को भी बढ़ा देता है।

चीनी से डायबिटीज-मोटापे का जोखिम

नमक की ही तरह से सफेद चीनी को भी बहुत हानिकारक माना जाता रहा है। जिन लोगों को डायबिटीज की दिक्कत होती है उन्हें सफेद चीनी से बिल्कुल परहेज करने की सलाह दी जाती है। अधिक चीनी खाने से टाइप 2 डायबिटीज के जोखिम कारक बढ़ सकते हैं। सोडा जैसे पेय पदार्थों में भी बहुत अधिक चीनी होती है जिससे ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा रहता है।

शोध में पाया गया है कि जो लोग अधिक चीनी या मीठे पेय का सेवन करते हैं उनमें मोटापा होने का खतरा भी काफी अधिक हो सकता है।

सफेद चावल का कम कर दें सेवन

सफेद चावल में पौष्टिक चीजों की कमी होती है साथ ही ये कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी से भरपूर होता है। इसके अधिक सेवन से वजन बढ़ सकता है। डायबिटीज रोगियों को भोजन में सफेद चावल की मात्रा कम से कम रखने की सलाह दी जाती है। सफेद चावल में स्टार्च की मात्रा अधिक होती है और अगर आप इसका ज्यादा सेवन करते हैं तो इससे डायबिटीज बढ़ सकती है। स्टार्च की अधिक मात्रा के कारण चावल, शरीर में शुगर लेवल को बढ़ाता है जिससे बॉडी फैट की मात्रा भी बढ़ने का खतरा रहता है।


Spread the love