नई दिल्ली : कई लोग मौसम बदलते ही बीमार पड़ने लगते हैं। वैसे तो यह सामान्य समस्या है, लेकिन कई बार यह गंभीर रुख अख्तियार कर लेती है। मौसम में बदलाव प्रकृति की देन है। लेकिन यह बदलाव कई लोग सहन नहीं कर पाते और बीमार पड़ जाते हैं। कुछ रोज पहले हम सभी भीषण गर्मी से जूझ रहे थे और अब मानसून का आगमन होते ही कभी ठंडक तो कभी गरमी तथा उमस का सामना कर रहे हैं। इसका हमारी सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों पर। वहीं, लापरवाही बरतना मुख्य रूप से हर मौसम में सर्दी-खासी, बुखार, पेट दर्द और स्किन एलर्जी का कारण बनता है। ऐसे में बीमारियों से बचने के लिए आपको पहले से ही तैयार होना होगा, ताकि आप मौसम का भरपूर लुत्फ उठा सकें।
कारण जानें
यदि आप मौसम में बदलाव आते ही बीमार हो रही हैं या परिवार के किसी अन्य सदस्य के साथ ऐसा हो रहा है तो इसका अर्थ है कि आपका इम्यून सिस्टम कमजोर है। इस कमजोर इम्यून सिस्टम के चलते ही बाहरी संक्रमण आपके शरीर पर बार-बार आक्रमण कर रहे हैं, जिस कारण वातावरण में थोड़ा-सा बदलाव आते ही आप बीमार पड़ जाती हैं। कमजोर इम्यूम सिस्टम आपके शरीर में फ्लू, इन्फेक्शन और डिहाइड्रेशन के खतरे को बढ़ा सकता है।
संक्रमण से बचाव
जब मौसम बदलता है तो सबसे ज्यादा इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। अब जब मानसून दस्तक दे चुका है तो ऐसे में बैक्टीरियल इन्फेक्शन, फंगल इन्फेक्शन, प्रोटोजोआ रोग, जैसे कि ब्रोंकाइटिस, टायफॉइड या फ्लू, मलेरिया का खतरा भी अधिक बढ़ सकता है। इसलिए किसी भी तरह के बैक्टीरियल इन्फेक्शन होने की स्थिति में डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
साफ-सफाई का ध्यान
मौसम चाहे कोई भी हो, साफ-सफाई हमेशा जरूरी होती है। बरसात के मौसम में ज्यादतर बीमारियों की जड़ गंदगी ही होती है, क्योंकि इस समय चारो ओर गंदगी और कीचड़ फैला रहता है। इसलिए जरूरी है कि अपने आस-पास सफाई रखें। कुछ भी खाने से पहले और खाने के बाद हाथ धोना न भूलें। घर के आस-पास पानी न भरने दें। सब्जियों और फलों को अच्छी तरह धोएं। घर की सफाई में कीटनाशक का उपयोग करें और मच्छरों को पनपने न दें।
पौष्टिक आहार
अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए अच्छी डाइट अपनाएं। बासी खाना न खाएं, तला-भुने खाने से परहेज करें, दिन में दो ताजे फल अवश्य खाएं और हरी सब्जियां तथा दालों का सेवन ज्यादा करें। खुद को हाइड्रेट रखें। यह न सोचें कि अब गरमी जा चुकी है। हो सके तो दिन में एक बार दूध में हल्दी डालकर पीएं या पानी को उबालकर पीएं। इससे इम्यूनिटी मजबूत होती है और आप बीमारियों से दूर रहती हैं।
भोजन में हल्दी, तुलसी और अदरक
दिल्ली के दीप चंद बंधु अस्पताल के सीनियर फिजिशियन डॉ. अविनाश कुमार, बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गो पर पड़ता है, इसलिए जरूरी है उनका खास ख्याल रखना। इस मौसम में आप कपड़ों को पहनने से पहले इस्त्री करें। ऐसा करने से कपड़ों पर लगे कीटाणु नष्ट हो जाते हैं। साथ ही ज्यादा ठंडे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें, बाहर का खाना खाने से परहेज करें, तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें, जिससे बॉडी हाइड्रेट रहे और इम्यूनिटी को मजबूत बनाने पर ध्यान दें। बरसात के मौसम में आप भोजन में हल्दी, तुलसी और अदरक का उपयोग करें। ये एंटीबायोटिक का कार्य करते हैं और इम्यून सिस्टम को दुरुस्त रखते हैं। बाहर जाते समय मास्क अवश्य लगाएं और दिन में दो बार गुनगुने पानी में नमक डालकर कुल्ला अवश्य करें। ऐसा करने से आपकी ओरल हेल्थ अच्छी बनी रहती है, जिससे संक्रमण होने का खतरा कम हो जाता है।




