बिलासपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जूना क्षेत्र में कूलर में पानी भरते समय करंट की चपेट में आने से एक बालक की मौत हो गई। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दें कि जूना किला वार्ड निवासी रविश पांडेय का 13 वर्षीय बेटा पार्थ उर्फ शिवांश पांडेय कक्षा 7वीं का छात्र था। बताया जाता है कि घर पर अचानक बिजली चली गई। तभी शिवांश कूलर में पानी भर रहा था। इस दौरान अचानक लाइट आ गई और वह पानी डालते समय करंट की चपेट में आ गया। उसकी मां ने देखा, तब वह जमीन में बेहोश पड़ा था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया।
जिस समय शिवांश करंट की चपेट में आया, तब उसकी मां घर में संध्या आरती कर रही थी। दीपक जलाने के बाद अचानक उनकी नजर पड़ी, तब शिवांश कूलर के पास जमीन में बेहोश पड़ा था। उसे देखकर वह घबरा गई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




