रायपुर। राजधानी रायपुर में जिम में एक्ससाइज करने के दौरान एक नाबालिग की मौत हो गई। लड़का जिम में ट्रेडमिल में दौड़ रहा था तभी अचानक बेहोश होकर नीचे गिर गया। जिम के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान नाबालिग की मौत हो गई।
मिली जानकारी के दौरान घटना खमतराई थाना क्षेत्र के भनुपरी स्थित जिम की है। जहां धनलक्ष्मी नगर निवासी 17 वर्षीय सत्यम राहांगडाले बुधवार की सुबह स्पेज जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचा था। सत्यम जब ट्रेडमिल में दौड़ रहा था, तभी अचानक नीचे गिर गया। जिम के लोगों ने इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही जिम में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। नाबालिग के पिता सुभाष राहांगडाले मसाला का करोबार करते है और उनके दो बच्चे है। मृतक सत्यम बड़ा पुत्र था। हाल ही में उसने 10वीं की परीक्षा पास की थी। फिलहाल मौत का कारण अज्ञात है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।




