Chanamurraa

वार्डन से परेशान छात्राओं ने देर रात जमकर मचाया हंगामा, हॉस्टल का गेट तोड़कर यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ किया प्रदर्शन…

  • May 4, 2024
  • 81 Views
Spread the love

बिलासपुर। गुरू घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी की छात्राओं ने शुक्रवार की रात एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमकर हंगामा किया। छात्राएं हॉस्टल के बाहर अव्यवस्था सहित अपनी लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग करते हुए हंगामा मचाने लगी। छात्राओं ने हॉस्टल का गेट तोड़ दिया और नारेबाजी करती हुईं बाहर निकल गईं।

बता दें कि यूनिवर्सिटी में आयोजित जिला प्रशासन के स्वीप मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जाने से वार्डन ने हॉस्टल की छात्राओं को रोक दिया, जिससे वे नाराज हो गईं। छात्राओं का कहना है कि यहां वार्डन हिटलर जैसा बर्ताव करती हैं। उनके तानाशाही रवैए से वे परेशान हैं। शुक्रवार शाम यूनिवर्सिटी कैंपस में जिला प्रशासन ने स्वीप मतदाता जागरूकता के तहत कार्यक्रम रखा था, जिसमें ‘स्वीप म्यूजिक फेस्ट लोकतंत्र और संगीत का संगम’ कार्यक्रम था। इसमें सभी स्टूडेंट्स को बुलाया गया था। लेकिन बिलासा देवी गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं को वार्डन ने कार्यक्रम में जाने नहीं दिया।

जिससे छात्राएं भड़क गई और हॉस्टल की समस्याओं समेत अपनी पुरानी मांगों को लेकर हॉस्टल का गेट तोड़कर बाहर आ गईं और जमकर हंगामा किया। छात्राओं ने कहा कि एनएएसी की टीम को दिखाने के लिए चार मंजिला हॉस्टल में लिफ्ट शुरू की गई थी, जिसे एक हफ्ते में ही बंद कर दिया गया है। छात्राओं ने मेस में टेंडर और घटिया खाना देने के साथ ही मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने जैसी मांगें भी रखीं है।


Spread the love