Chanamurraa

कलेक्टर ने 114 अधिकारी-कर्मचारी को जारी किया नोटिस, जानें पूरा मामला…

  • April 20, 2024
  • 47 Views
Spread the love

बिलासपुर। लोकसभा चुनाव के लिए हो रहे प्रशिक्षण के दौरान 114 अधिकारी-कर्मचारी गायब मिले। इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर नहीं पहुंचने को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए इन सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दरअसल, चुनाव ट्रेनिंग शादी के सीजन में हो रहा है, जिसके कारण अधिकारी-कर्मचारी गायब रहे। अब इन सभी कर्मचारियों को 22 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद से चुनाव कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की सूची बना ली गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण ने चुनाव कार्य के लिए 10 हजार कर्मचारियों की लिस्ट बनवाई है। हालांकि, इसमें से पांच हजार कर्मचारी ही चुनाव ड्यूटी करेंगे। इन अधिकारी-कर्मचारियों को पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक एक, दो और तीन की जिम्मेदारी दी गई है।

कलेक्टर अवनीश शरण ने प्रशिक्षण से गायब कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही उनके लिए 22 अप्रैल को अलग से विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। यह प्रशिक्षण 22 अप्रैल को जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में होगा, जिसमें उन्हें अनिवार्य रूप से शामिल होने की चेतावनी भी दी गई है।


Spread the love