Chanamurraa

अंडर-19 एशिया कप में  एक बार फिर भिड़ सकते हैं भारत-पाकिस्तान

  • November 11, 2026
  • 0 Views
Spread the love

अंडर-19 एशिया कप : ACC अंडर-19 एशिया कप में अब खिताब की जंग और रोमांचक होने वाली है। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों के नाम तय हो गए हैं। भारत ने UAE को हराकर अंतिम-4 में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सेमीफाइनल में उसका सामना अफगानिस्तान से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को खेले जाएंगे। इससे एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होने की संभावना बढ़ गई हैं।

भारत ने 10 नवंबर को खेले गए मुकाबले में UAE को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। टीम इंडिया के लिए इस जीत के हीरो आर्यवीर सहवाग रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 160 रन की पारी खेली। उनके अलावा विनीत ने भी 67 रन का अहम योगदान दिया। दोनों की पारियों की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 309 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर भी रहा।

आर्यवीर ने खेली शानदार पारी
आर्यवीर ने अपनी 168 गेंदों की पारी में 17 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन क्रीज पर जमने के बाद UAE के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। इससे पहले बांग्लादेश ने मलेशिया के खिलाफ 303 रन बनाए थे। 309 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सटीक लाइन और लेंथ के साथ दबाव बनाए रखा। ईशान सूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपनी यॉर्कर से UAE के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। हालांकि, आखिरी ओवरों में खुधादाद और अयोबी ने कुछ तेज रन बनाकर हार का अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

टीम इंडिया को दूसरे मैच में पाकिस्तान से मिली थी हार
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत नेपाल को हराकर की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए UAE के खिलाफ जीत जरूरी थी। भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और अंतिम-4 में पहुंच गए।

U19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल का पूरा शेड्यूल
पहला सेमीफाइनल

12 नवंबर: PAK U19 बनाम BAN U19, 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
वेन्यू: अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड, ओमान
दूसरा सेमीफाइनल

12 नवंबर: AFG U19 बनाम IND U19, 10:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
वेन्यू: अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड, ओमान
गौरतलब है कि दोनों सेमीफाइनल मुकाबले अल अमेरात में खेले जाएंगे। पहला मैच मिनिस्ट्री टर्फ-2 और दूसरा मुकाबला मिनिस्ट्री टर्फ-1 पर होगा। इन दोनों मुकाबलों की विजेता टीमें खिताब के लिए 14 नवंबर को फाइनल में भिड़ेंगी। फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होने की संभावना है।


Spread the love