Chanamurraa

दिवाली पर इंस्टामार्ट में काजू कतली बनी सबसे पसंदीदा मिठाई

  • November 10, 2026
  • 0 Views
Spread the love

नई दिल्ली।दिवाली के दौरान काजू कतली सबसे अधिक पसंद की जाने वाली मिठाई रही है। इसके बाद मोतीचूर के लड्डू और बेसन के लड्डू का स्थान रहा।

कंपनी ने सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया कि स्विगी की फटाफट सामान पहुंचाने वाली क्विक कॉमर्स इकाई इंस्टामार्ट पर दिवाली की तैयारियों से जुड़े ऑर्डर में सालाना आधार पर 162 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि नमकीन और स्नैक्स की मांग 42 फीसदी बढ़ गई।

इंस्टामार्ट ने बताया कि आठ नवंबर को खरीदारी का सबसे व्यस्त समय सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच रहा। इस दौरान सुबह 11 बजकर 18 मिनट पर एक मिनट में सबसे अधिक ऑर्डर दर्ज किए गए।

दिवाली की पूर्व संध्या पर डाइट कोक सबसे अधिक ऑर्डर किया जाने वाला गैर-किराना उत्पाद रहा। कपड़ों, आभूषणों और बालों से जुड़े हुए सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं उपकरण तथा रसोई और डाइनिंग उत्पादों की मांग में भी सालाना आधार पर अच्छी वृद्धि दर्ज की गई।

इंस्टामार्ट के मुताबिक रायपुर, मदुरै, गुवाहाटी, त्रिशूर और कोल्लम में त्योहार के दौरान खरीदारी की मांग सबसे अधिक रही।

कंपनी ने बताया कि दिवाली की त्योहारी खरीदारी का सबसे बड़ा ऑर्डर मुंबई में दर्ज किया गया, जिसकी कीमत 1.11 लाख रुपये थी। इसमें लक्ष्मी-गणेश और कमल की डिजाइन वाले सोने के सिक्के शामिल थे।

इससे पहले छह नवंबर को धनतेरस के मौके पर सोने और चांदी के सिक्कों की खरीदारी भी हुई। खरीदे गए सोने के सिक्कों में लगभग दो-तिहाई पर गुलाब या फूलों की डिजाइन थी, जबकि चांदी के सिक्कों में 73 फीसदी पर श्री लक्ष्मी और श्री गणेश की आकृति थी। सोने और चांदी के सिक्कों के ऑर्डर शाम 6 बजकर 38 मिनट पर सबसे अधिक रहे।


Spread the love