Chanamurraa

हमजा के दो गोल से जीता कादसिया, एफसी गोवा का अभियान खत्म

  • October 24, 2026
  • 2 Views
Spread the love

हवाली (कुवैत)। भारतीय फुटबॉल क्लब एफसी गोवा का एएफसी चैलेंज लीग 2026-27 में सफर समाप्त हो गया है।

शुक्रवार को खेले गए ग्रुप सी के अपने तीसरे और अंतिम मुकाबले में एफसी गोवा को मेजबान कुवैत के कादसिया एससी के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारतीय सुपर लीग की टीम ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही और प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

मोहम्मद अल हमद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कादसिया ने 10वें मिनट में हमजा खब्बा के गोल से बढ़त बना ली। राशेद अल दोसारी के क्रॉस पर खब्बा ने डाइव लगाते हुए हेडर से गेंद को गोलपोस्ट के निचले बाएं कोने में पहुंचा दिया।

एफसी गोवा ने बराबरी के लिए प्रयास किए। मालसावमसांगा केसी ने बॉक्स के बाईं ओर से शॉट लगाया, लेकिन गेंद क्रॉसबार के ऊपर चली गई।

इसके बाद 16वें मिनट में खब्बा के पास कादसिया की बढ़त दोगुनी करने का मौका था, लेकिन उनका हेडर गोलपोस्ट के ऊपर निकल गया।

गोवा ने 21वें मिनट में मुकाबले में वापसी की। कॉर्नर पर एलेक्स जालाया के हेडर के बाद गेंद चिक्की के पास पहुंची, जिन्होंने नजदीक से हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया।

बराबरी के बाद दोनों टीमों ने बढ़त बनाने की कोशिश की। कादसिया के बदर अल मुतावा का शॉट गोवा के खिलाड़ियों ने रोक दिया, जबकि गोवा के कप्तान संदेश झिंगन ने मुहम्मद नेमिल के कॉर्नर पर हेडर लगाया, लेकिन गेंद लक्ष्य से बाहर चली गई।

दूसरे हाफ में कादसिया ने आक्रामक खेल दिखाया और 49वें मिनट में फिर बढ़त हासिल कर ली। अल मुतावा और खब्बा ने बॉक्स के बाहर पासों का आदान-प्रदान किया, जिसके बाद खब्बा ने शानदार घुमावदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के ऊपरी बाएं कोने में पहुंचा दिया।

कादसिया को 65वें मिनट में बढ़त बढ़ाने का मौका मिला। खब्बा के बेहतरीन लॉब पर अयूब लखदर ने शॉट लगाया, लेकिन गेंद आगे बढ़े गोलकीपर लारा शर्मा और क्रॉसबार के ऊपर निकल गई। 80वें मिनट में लखदर ने दो रक्षकों को छकाकर बॉक्स में प्रवेश किया, लेकिन उनका शॉट दाएं गोलपोस्ट से टकराकर लौट गया।

एफसी गोवा ने एक जीत से तीन अंक हासिल किए। टीम ने अपने पहले मुकाबले में ताजिकिस्तान के एफसी रेगर-ताडएज के खिलाफ हार झेली थी, जबकि दूसरे मैच में बांग्लादेश के फोर्टिस एफसी को हराया था।

दूसरी ओर, कादसिया ने ग्रुप के अपने तीनों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली ग्रुप सी की एकमात्र टीम बनी।


Spread the love