Chanamurraa

रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन की 30वीं किस्त: खाते में पहुंचे 1000 रुपए, वर्षा बोलीं- ‘विष्णु भैया ने दोगुनी कर दीं खुशियां’

  • August 26, 2026
  • 0 Views
Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त खुशियों की सौगात लेकर आई है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में एक हजार रुपए की राशि पहुंची है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतें पूरी करने के साथ आर्थिक फैसले लेने में भी सहारा मिल रहा है।

गौरेला विकासखंड के ग्राम सेमरा की रहने वाली वर्षा राठौर के खाते में भी 30वीं किस्त के एक हजार रुपए पहुंचे। राशि मिलने पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि रक्षाबंधन से पहले मिली यह रकम उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है।

बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतों में मदद

वर्षा ने बताया कि हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपए की सहायता राशि से बच्चों की पढ़ाई, घर की जरूरी सामग्री और रोजमर्रा के छोटे-बड़े खर्च पूरे करने में मदद मिलती है। नियमित रूप से खाते में राशि आने से उन्हें आर्थिक संबल के साथ अपनी जरूरतों को लेकर खुद निर्णय लेने का भरोसा भी मिला है।

उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना सिर्फ आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में अधिक मजबूती से भागीदारी निभा पा रही हैं।

‘राखी से पहले खुशियां दोगुनी हो गईं’

रक्षाबंधन से पहले 30वीं किस्त मिलने पर वर्षा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, “हमारे विष्णु भैया ने राखी से पहले 30वीं किस्त जारी कर हम सभी बहनों की खुशियां दोगुनी कर दी हैं।”

महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं की व्यक्तिगत और पारिवारिक जरूरतों में उपयोगी साबित हो रही है। योजना से महिलाओं में आत्मनिर्भरता और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को भी बढ़ावा मिल रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर मिली यह किस्त वर्षा सहित प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक मदद के साथ सम्मान और भरोसे का संदेश भी लेकर आई है।


Spread the love