नई दिल्ली. Education News: हर स्टूडेंट को परीक्षा और लाइफ का एग्जाम पास करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है. स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई के दौरान हर छात्र को दिमाग को थकाने वाले बोरिंग लैक्चर, रिपीट हो रहे सवाल और तन-मन को थका देने वाले स्टडी मेटेरियल से गुजरना पड़ता है. पूरा साल तो स्टूडेंट्स फिर भी जैसे-तैसे पढ़ाई करके निकाल लेते हैं, लेकिन जब एग्जाम का दौर शुरू होने वाला होता है, तो पढ़ाई में मन नहीं लगता है. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं पढ़ाई में मन न लगने के 5 कारणों और उसके उपाय के बारे में…
आसपास का वातावरण सही न होना
कई बार बच्चे मन से पढ़ाई तो करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास इस तरह का वातावरण नहीं बनाया जाता है. जैसे घर या स्टडी रूम के पास बहुत ज्यादा शोर होना, घर के लोगों को आपस में बात-बात का झगड़ा करना या हमेशा दोस्तों के साथ मस्ती और मजाक करते रहना. अगर आपके आसपास भी इस तरह का माहौल है, तो आपको इसे बदलने की जरूरत है. पढ़ाई में मन लगाने के लिए आपको ऐसे दोस्तों से भी दूर रहना चाहिए, जो हमेशा खेलना या बाहर रहना पसंद करते हैं.
पढ़ाई का उचित समय तय न होना
जिस तरह से हमारे शरीर के खाने, पीने और सोने का एक पैटर्न है. ठीक उसी तरह पढ़ाई करने का भी एक पैटर्न है. अगर आप बिना किसी फोकस पैटर्न के कभी भी पढ़ने बैठ जाते हैं, तो ये दिमाग को भटकाती है. आप छोटे से नोटिफिकेशन से भी पढ़ाई में मन नहीं लगा पाते हैं. पढ़ाई में मन लगाने के लिए आपको एक पैटर्न तैयार करने की जरूरत है. आपको स्कूल या कॉलेज से आने के बाद किस वक्त कौन सा विषय पढ़ना है इसका एक चार्ट बनाएं और इसको फॉलो करें. इसका असर आपको कुछ ही दिन में देखने को मिलेगा.
सही स्टडी मटेरियल नहीं होना
कई बार बच्चे पढ़ने की कोशिश तो करते हैं, लेकिन उनके पास सही स्टडी मटेरियल नहीं है. किताब और स्टडी मटेरियल सही न होने की वजह से ज्यादातर बच्चे पढ़ाई में फोकस नहीं कर पाते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है तो आपको टीचर या किसी सीनियर की मदद से सही स्टडी मटेरियल को खोजना चाहिए.
दवाब में आकर पढ़ाई करना
आज के दौर में भी कई बच्चे ऐसे होते हैं, जो माता-पिता या समाज के डर की वजह से अपने नापंसद विषयों को चुन लेते हैं. पसंद का विषय न होने के कारण भी पढ़ाई में मन लगाना मुश्किल हो जाता है. इस स्थिति में आपको अपने विषय बदलने की जरूरत है, ताकि आप पढ़ाई में सही तरीके से मन लगा सकें और जीवन में सफलता हासिल कर सकें.
बिना ब्रेक लिए पढ़ना
ज्यादातर छात्र पढ़ाई के दौरान ये गलती करते हैं. वो एक साथ सारे विषयों को बिना ब्रेक लिए पढ़ने की कोशिश करते हैं. बिना ब्रेक के पढ़ाई करने की वजह से भी इसमें मन लगाना मुश्किल हो जाता है. इसलिए जरूरी है कि पढ़ाई के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक लिए जाएं. पढ़ाई करते वक्त नियमित ब्रेक लेकर अपनी एकाग्रता में सुधार कर सकते हैं. पढ़ाई के बीच 1 से 2 मिनट का छोटा ब्रेक लेने की वजह से मन भी शांत रहता है.




